भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र स्थित घोरहा उपकेंद्र के एक फीडर की आपूर्ति शुक्रवार रात तकनीकी कमी से बाधित हो गई। इससे नाराज युवक ने उपकेंद्र पहुंच हंगामा किया। इसके बाद एसएसओ व लाइन मैन से की अभद्रता की। दबाव बनाकर दो अन्य फीडरों की आपूर्ति भी बंद करवा दी। शनिवार की सुबह पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन के जिम्मेदारों ने बंद फीडर की आपूर्ति बहाल करवाई। मामले में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के घोरहा स्थित विद्युत उपकेंद्र से भीमी, सोनारी कलां व घोरहा फीडर से 30 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार देर रात 33 एसएलएमजी फैक्टरी की लाइन के पोल पर डाल गिरने से घोरहा फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। मौसम खराब होने की वजह से पावर काॅर्पोरेशन कर्मी घोरहा फीडर की लाइन ठीक नहीं कर सके। उपकेंद्र के भीमी, सोनारी कलां फीडर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति हो रही थी। बिजली आपूर्ति नहीं होने पर घोरहा गांव का राजन सिंह रात में ही उपकेंद्र पहुंच गया। तैनात एसएसओ आदित्य प्रकाश मौर्य व लाइन मैन रमेश कुमार ने पहले बिजली कटौती की जानकारी ली।
आरोप है कि उनके साथ अभद्रता करने लगा। दो फीडर की आपूर्ति होने की जानकारी के बाद दबाव बना कर उनकी आपूर्ति बाधित करवा दी। भय वश कर्मचारी दोनों फीडर की आपूर्ति बंद कर शांत बैठ गए। शनिवार सुबह मामले की जानकारी पर पहुंचे पावर कार्पोरेशन कर्मियों ने बंद फीडरों की आपूर्ति सुबह नौ बजे बहाल करवाई। बिजली आपूर्ति बहाल करवाने के बाद उप खंड अधिकारी भेटुआ राम किशोर पाल ने घोरहा गांव निवासी राजन सिंह के विरुद्ध जबरन चालू फीडरों को बंद करवाने, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से अभद्रता, गाली-गलौज सहित कई अन्य आरोप लगाते हुए पीपरपुर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ रामराज कुशवाहा ने बताया कि एसडीओ की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
20 गांवों की आपूर्ति हुई बाधित
घोरहा पावर हाउस के घोरहा फीडर से आपूर्ति पाने वाले घोरहा, परसोइया, भादर, बील्हापुर, ओझा का पुरवा रतापुर, नरहरपुर सहित 20 गांव के लोग फाल्ट से आपूर्ति बाधित होने से परेशान रहे। वहीं, भीमी फीडर में नेवढ़िया, सवनगी, कस्तूरीपुर, बालीपुर सहित 15 गांव तथा सोनारी कलां फीडर में टीकर, सोनारी कलां, गुंगवाछ सहित पांच गांव के लोगों को जबरन आपूर्ति बंद करवाने से गर्मी में शुक्रवार रात दो बजे से शनिवार सुबह नौ बजे तक बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ा।
