इटावा। साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर शादी के कार्ड के नाम पर महिला के फोन पर एपीके लिंक भेजा। महिला के लिंक को खोलते ही ठगों ने मोबाइल हैककर उसके बैंक खाते से 5.30 लाख रुपये निकाल लिए। सुबह मोबाइल पर बैंक से आए मैसेज देखने पर महिला को ठगी की जानकारी हुई।

मोहल्ला रामगंज गोशाला निवासी स्फूर्ति कुशवाहा ने साइबर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि एक मार्च को उनके एक परिचित के माध्यम से व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण कार्ड आया। कार्ड के साथ एक एपीके लिंक भी भेजा गया जिसमें 15 मार्च को होने वाली शादी का आमंत्रण बताया गया।

परिचित के जरिए संदेश आने के कारण उन्हें कोई शक नहीं हुआ और उन्होंने लिंक को खोल लिया। तभी मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। चार मार्च को ठगों ने महिला के मोबाइल से ही उसके व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल करते हुए कई रिश्तेदारों और परिचितों को वही एपीके फाइल भेज दी जिससे अन्य लोगों को भी झांसे में लिया जा सके।

महिला को उस समय तक मोबाइल हैक होने की जानकारी नहीं थी। इसी बीच पांच मार्च की रात करीब एक बजे से साइबर ठगों ने महिला के बैंक खाते से पैसे निकालना शुरू कर दिया। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 10 बार में महिला के खाते से कुल 5.30 लाख रुपये निकाल लिए। महिला ने अपने मोबाइल पर बैंक से आए ट्रांजेक्शन के मैसेज देखे तो उसके होश उड़ गए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद महिला ने साइबर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित बैंक खाते, मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन की डिटेल जुटाने में लगी है, ताकि ठगों को पकड़ा जा सके। साथ ही पीड़ितों से की गई ठगी की रकम को वापस कराया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *