
शपथ लेते स्वास्थ्य कर्मी
अमेठी। आगामी 20 मई को जिले में मतदान होना है। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। हर एक बूथ पर मेडिकल किट और ओआरएस के घोल के साथ आशा कार्यकर्ता को तैनात किया गया है।
इसके साथ ही मतदान कार्य में लगे मतदान कार्मिकों, सुरक्षा बलों एवं मतदान के लिए मतदान केंद्र पर आने वाले मतदाताओं को चिकित्सकीय आकस्मिकता की स्थिति में तत्काल उन्हें स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए सीएचसी स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर लू से बचाव के लिए ओआरएस, उल्टी एवं पेट दर्द की दवा हर मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई जा रही है। मेडिकल किट सहित अन्य का प्रबंध किया गया है।
अधीक्षकों को कहा गया है कि मतदान केंद्रों पर आशा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को मतदान केंद्र पर तैनात करने को कहा गया है। हर सीएचसी पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन करके टीम का नंबर बूथ पर तैनात होने वाले कर्मी को उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिससे किसी भी जरूरत पर तत्काल टीम को बुलाया जा सके।
सीएमओ ने बताया कि चिकित्सक से लेकर अन्य स्टाफ के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। मतदान के दिन एंबुलेंस चिन्हित जगहों पर मौजूद रहेगी। इमरजेंसी के दौरान जल्द से जल्द एंबुलेंस पहुंच सकेगी। इसके अलावा आरबीएसके टीम मोबाइल मेडिकल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहेगी, जो कि किसी भी हेल्थ इमरजेंसी में क्विक रिस्पॉन्स का काम करेगी।
डेंगू से बचाव को लेकर लिया संकल्प
– बृहस्पतिवार को डेंगू दिवस पर सीएमओ कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही कहा कि आम लोगों को जागरूक करके ही बीमारियों से बचाया जा सकता है। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके उपाध्याय, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसडी द्विवेदी, वीके सरोज, पंकज सहित अन्य मौजूद थे।
