अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हिस्ट्रीशीटर हरेंद्र मसीह की संपत्ति कुर्क का नोटिस चस्पा करने मंगलवार को कानपुर पुलिस यहां पहुंची लेकिन पर्याप्त कागजात न होने से कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिसकर्मी करीब सात घंटे अनुमति का इंतजार करते रहे। अनुमति न मिलने पर कार्रवाई छोड़कर पुलिस को लौटना पड़ा। पुलिस अफसरों के मुताबिक अब मंगलवार को दोबारा कार्रवाई होगी। झोकनबाग निवासी हरेंद्र मसीह के खिलाफ कानपुर में जमीन पर कब्जा जमाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस इस मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी जबकि हरेंद्र मसीह समेत अन्य कई फरार हैं।
कानपुर पुलिस हरेंद्र की तलाश में कई बार झांसी आकर दबिश दे चुकी लेकिन अभी तक हरेंद्र पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। उसकी गिरफ्तारी न होने पर झोकनबाग स्थित उसकी संपत्ति पर कुर्की नोटिस चस्पा करने सोमवार दोपहर एक बजे कानपुर पुलिस पहुंची। इस सूचना पर हरेंद्र के अधिवक्ता भी पहुंच गए।
अधिवक्ताओं का कहना था कि जिस संपत्ति को हरेंद्र मसीह का बताकर कुर्क नोटिस चस्पा किया जा रहा है, वह जमीन संस्था की है। दूसरे जनपद में कार्रवाई की प्रशासनिक अनुमति भी पुलिस के पास नहीं है। पुलिस अफसरों ने आला अधिकारियों को इससे अवगत कराया। रात करीब आठ बजे तक पुलिसकर्मी इंतजार करते रहे लेकिन, कागजात तैयार नहीं हो सके। इस वजह से सिर्फ मकान के अंदर मौजूद सामानों की लिस्ट ही बनाई जा सकी। रात आठ बजे पुलिस वापस लौट गई। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि कानपुर पुलिस कुर्की संबंधी कार्रवाई को यहां आई थी।
