संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sat, 17 Aug 2024 03:30 AM IST

कासगंज। हर घर झंडा अभियान के तहत वितरण को आए निशुल्क राष्ट्रीय ध्वज को बिक्री कर दिए जाने का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो वायरल होते ही विभाग में खलबली मच गई। इसकी गाज मुख्य सेविका पर गिर गई है। डीपीओ ने मुख्य सेविका को हटाकर कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। हर-घर झंडा अभियान के तहत बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को झंडे उपलब्ध कराए गए। इन झंडों को निशुल्क वितरण करना था, लेकिन गंजडुंडवारा क्षेत्र में इन झंडों के 30 रुपये लेकर बिक्री कर दिया गया। परियोजना क्षेत्र में तैनात एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पति झंडे के कार्यालय में रुपये लिए जाने की बात कर रहा है। जब यह मामला डीपीओ के संज्ञान में आया तो मामले को गंभीरता से लिया गया। मुख्य सेविका मंजू को न्याय पंचायत क्षेत्र से हटा दिया गया। डीपीओ सुशीला ने बताया कि गंजडुंडवारा परियोजना का मामला संज्ञान में आया है। झंडे के नाम पर उगाही करने का ऑडियो वायरल हुआ है। राष्ट्रीय ध्वज निशुल्क वितरण को आए थे। मुख्य सेविका को हटाकर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की जांच सोरों सीडीपीओ राजीव कुमार को सौंपी है।
