हमीरपुर से गुजरात जा रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार कार ने हाईवे पर मंगलवार शाम टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल ले गए। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार शराब के नशे में था। हमीरपुर स्थित कोतवाली मौदहा के गांव अचरपुर डाडा निवासी उमेश (26) मंगलवार को बाइक से घर से गुजरात जाने के लिए निकला था।
कानपुर-इटावा हाईवे स्थित शताब्दी ढाबा के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने उपचार के बाद सैफई के लिए रेफर कर दिया। इंडियन ऑयल चौकी प्रभारी गणेश गुप्ता ने बताया कि बाइक सवार के सिर में चोट ज्यादा आई है। बाइक सवार हेलमेट लगाए था। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग गया। क्षतिग्रस्त बाइक को चौकी में खड़ा करा दिया गया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि जानकारी पर पुलिस पहुंची थी। घायल को अस्पताल भेजा गया है।
