रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं का रेला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौष पूर्णिमा पर करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर के साथ ही माघ मेले का भी शुभारंभ हो गया है। रामलला के दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
शनिवार भोर से ही सरयू तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था की डुबकी लगाने के लिए दूर-दूर से आए भक्तों ने शीतलहर की परवाह किए बिना सरयू में स्नान किया और पुण्य लाभ अर्जित किया। जस सरयू मइया, जय श्रीराम के जयघोष से घाट गूंज उठे। पौष पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान, दान और जप–तप का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि इस दिन किया गया स्नान और दान अक्षय पुण्य प्रदान करता है।
भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा
स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं का रेला मठ-मंदिरों की ओर बढ़ता दिखाई दिया। राम जन्मभूमि मंदिर सहित हनुमानगढ़ी, कनक भवन और अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। राम मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
