
मामले की जानकारी पर पहुंचे पुलिसकर्मी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
मोबाइल टावर के टेक्नीशियन का काम करने वाले दो साथी किसी विवाद को लेकर आपस में टकरा गए। एक ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी फरार हो गया है।
बीकापुर कोतवाली के खजुरहट- मिल्कीपुर मार्ग पर स्थित डडवा गांव में किराए के मकान में सुल्तानपुर के निवासी मोबाइल टावर टेक्नीशियन कृष्ण कुमार और शेर अली रहते थे। शुक्रवार की रात दो बजे के करीब दोनों के बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हुई। इसके बाद शेर अली ने कृष्ण कुमार पर गोली चला दी। कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों को अपराधी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। घायल कृष्ण कुमार सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना अंतर्गत श्रवण मऊभारा का निवासी है। घायल को सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाया गया।
चिकित्सक डॉ. अनुराग गुप्त ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बीकापुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने शनिवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच- पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।