
Ram Mandir
– फोटो : Social Media
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए डॉ. बीआर आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम और बसपा संस्थापक कांशीराम के परिवार के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों ने बताया कि अनुसूचित जाति के प्रमुख लोगों और रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले कारसेवकों के परिवार के सदस्यों को भी रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया है।
सूत्रों ने कहा कि देशभर से किसान, मजदूर और हजारों संत समारोह में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि इस समारोह में आदिवासी समुदाय और खानाबदोश जातियों से आने वाले प्रमुख लोगों के साथ-साथ उद्योगपतियों और उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है। सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को छोड़कर किसी अन्य राज्य के मुख्यमंत्री को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। किसी भी ऐसे नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है कि वह किसी राज्य या केंद्र में मंत्री है।
सूत्रों ने कहा कि आमंत्रित लोगों की सूची में सुप्रीम कोर्ट के तीन सेवानिवृत्त प्रधान न्यायाधीश, सेना के तीनों अंगों के सेवानिवृत्त प्रमुख, पूर्व राजदूत, शीर्ष नौकरशाह, प्रमुख पदों पर आसीन आईपीएस अधिकारी और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित लोग शामिल हैं। इसके अलावा प्रमुख राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और अयोध्या में सभी दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
नेपाल के संत समाज के प्रमुख व्यक्तियों को न्योता
सूत्रों ने बताया कि कथाकारों, मठों और मंदिरों के न्यासियों के साथ 150 से अधिक परंपराओं के पुजारियों, नेपाल के संत समाज के प्रमुख व्यक्तियों, जैन, बौद्ध और सिख समुदाय के प्रतिनिधियों और प्रमुख दानदाताओं को भी न्योता दिया गया है। इसके अलावा आमंत्रित लोगों में 50 अलग-अलग देशों में रहने वाले हिंदू समाज के 55 प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल हैं।
