बीयू की वेबसाइट पर जाकर 2100 अभ्यर्थियों ने जमा की फीस
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर इस बार अभ्यर्थियों में बेहतर रुझान सामने आए हैं। ऑनलाइन आवेदन चालू होने के बाद शुरुआती दो दिनों में ही नौ हजार से ज्यादा पंजीकरण हो चुके हैं। लगभग 2100 अभ्यर्थियों ने फीस भी जमा कर दी है।
नौ फरवरी की रात 12 बजे से ही बीएड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए थे। बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर विकल्प दिखाई देते ही अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरने शुरू कर दिए थे। पहले दिन 4400 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया था। बुधवार को 5200 से ज्यादा पंजीकरण होने के बाद कुल रजिस्ट्रेशन की संख्या 9600 तक पहुंच गई। बीएड प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती दो दिनों में 2100 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरने के बाद फीस भी जमा की है। आने वाले समय में आवेदनों की संख्या में और तेजी आने की उम्मीद है।
बीयू ने छह कोर्सों का रिजल्ट किया घोषित
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने छह कोर्सों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि बीटेक बायोटेक्नोलॉजी सप्तम सेमेस्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग तृतीय सेमेस्टर, मेकेनिकल इंजीनियरिंग तृतीय सेमेस्टर, बीबीए टूरिज्म तृतीय व पंचम सेमेस्टर, मास्टर ऑफ फिजिकल एजूकेशन एंड स्पोर्ट्स तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर उपलब्ध है।
