झांसी। बुधवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार यात्री के 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस समेत सोने-चांदी के जेवर से भरा ट्राली बैग चोरी चला गया। ट्रेन के दतिया स्टेशन पहुंचने पर यात्री को बैग गायब होने का पता चला। लाइसेंसी बंदूक एवं कारतूस चोरी होने की सूचना पर जीआरपी अफसरों में खलबली मच गई। यात्री की तहरीर पर ग्वालियर जीआरपी ने मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक छानबीन में मालूम चला कि बांदा तक यात्री का बैग कोच में था। जीआरपी बांदा से झांसी एवं दतिया स्टेशन के बीच सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
वाराणसी से ग्वालियर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस (11108) के स्लीपर कोच एस-6 की सीट नंबर 33 एवं 34 पर प्रयागराज के करछना थाना के दरबारा गांव निवासी श्रीकांत पांडेय पत्नी के साथ नैनी से सवार हुए थे। उन्होंने जीआरपी को बताया कि आधी रात के बाद खाना खाने के बाद दंपती अपनी-अपनी सीट पर सो गए। ट्राली बैग उन्होंने पत्नी की सीट के पास रखा था। झांसी स्टेशन से आगे निकलने के बाद ट्रेन सुबह करीब 6:22 बजे दतिया स्टेशन पहुंचने पर श्रीकांत की नींद टूटी। पत्नी के पास रखा बैग गायब था। यह देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। कोच के यात्री जमा हो गए। पूरे कोच में बैग की तलाश की गई लेकिन बैग का पता नहीं चला। थोड़ी देर में ट्रेन ग्वालियर जा पहुंची। श्रीकांत ने जीआरपी से शिकायत की। बंदूक एवं 25 कारतूस के चोरी होने की सूचना पर जीआरपी अफसरों के भी होश उड़ गए। तुरंत जीआरपी ट्राली बैग की तलाश में जुट गई। श्रीकांत ने जीआरपी को बताया कि बैग में बंदूक एवं कारतूस के साथ ही सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के बिछिया एवं कपड़े रखे थे। बंदूक का लाइसेंस ग्वालियर से जारी हुआ है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है श्रीकांत की तहरीर पर ग्वालियर जीआरपी ने मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश की शुरू कर दी है।
