कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर वन रेंज के सरयू नदी की कछार में बसे पहलीपुरवा टेपरा गांव में बृहस्पतिवार शाम को जंगल से भटक कर एक तेंदुआ आबादी में पहुंच गया। तेंदुआ अचानक गांव में दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों के शोर-शराबे और हांका लगाने से घबराया तेंदुआ गांव के किनारे स्थित एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया, जहां वह करीब सात घंटे तक बैठा रहा।

तेंदुआ के पेड़ पर चढ़ते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे वह और अधिक डर गया और पेड़ के ऊपरी हिस्से में जा बैठा। मोतीपुर वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग और एसटीपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की।

वन कर्मियों ने तेंदुए की लगातार निगरानी शुरू की। हालांकि भीड़ और हलचल के कारण तेंदुआ देर तक पेड़ से नहीं उतरा। इसके बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से घरों में रहने की अपील की, जिससे क्षेत्र में शांति बनी रहे। माहौल शांत होने पर वन कर्मियों ने पूरी सतर्कता के साथ निगरानी जारी रखी।

करीब सात घंटे बाद रात 11 बजे के आसपास तेंदुआ स्वयं पेड़ से उतर कर सुरक्षित रूप से जंगल की ओर चला गया। वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तेंदुआ शावक था और भीड़ से घबराकर पेड़ पर चढ़ गया था। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कभी वन्यजीव आबादी क्षेत्र में दिखाई दे तो शोर-शराबा न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें