बहराइच/नवाबगंज/हुजूरपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को जिले में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही सरयू और राप्ती नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नदियों और सरोवरों में स्नान कर पूजन-अर्चन करते हुए दान-पुण्य किया।
सरयू तट स्थित मरी माता मंदिर परिसर में पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ तो पयागपुर में वदौरा मेला लगा। नानपारा, महसी और रिसिया के विश्राम घाट व नरसिंहडीहा में भी मेले की रौनक रही। हुजूरपुर क्षेत्र के विभिन्न सरयू घाटों पर भी सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।
भारत-नेपाल सीमा से सटे नवाबगंज क्षेत्र में राप्ती नदी के होलिया और लक्ष्मणपुर रसोरवा घाट पर भारतीय और नेपाली श्रद्धालुओं ने मंगलवार को परंपरा का निर्वहन करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। जानकी गांव के पास कलकलवा तटबंध के समीप नदी किनारे एक सप्ताह तक चलने वाले पारंपरिक मेले का भी शुभारंभ हुआ।
नेपाल के जमुनहा, पिपरहवा, खंडैचा, सिक्खनपुरवा, समतलिया, होलिया और गंगापुर समेत कई गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। वहीं भारत के शंकरपुर, नवाबगंज, नानपारा, बाबागंज और रुपईडीहा क्षेत्र के लोगों की भी भागीदारी रही। स्नान के बाद लोगों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की। मनोरंजन के साधनों और खानपान की दुकानों से मेले में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे। नवाबगंज पुलिस की ओर से मेले में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, संतलिया चौकी प्रभारी भोला यादव पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ घाटों पर मुस्तैद रहे। मेला कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, सुमरन वर्मा, अमरजीत लाल यादव और मुक्ता प्रसाद वर्मा समेत अन्य सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
उधर, हुजूरपुर क्षेत्र के चलतुआ, लक्ष्मना, भंगहा, जगतापुर, गुलरिहा, सिरौला, नेवासी, भेड़ियारी, कटका भगत साहब और भग्गड़वा समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। प्रेमीदास कुट्टी, भग्गड़वा, गुलरिहा और कटका भगत साहब में बड़े मेलों का आयोजन हुआ। जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगे इन मेलों में ग्रामीणों ने जरूरत के सामान की खरीदारी की और परिवार के साथ मेले का आनंद लिया।
