जसपुरा थाना क्षेत्र के तरौड़ा जंगल में 25 वर्षीय युवती का शव एक पेड़ के नीचे झाड़ियों में पड़ा मिला। युवती के माथे और गले में धारदार हथियार से वार किए जाने के घाव मिले हैं। पुलिस, प्रथम दृष्टया हत्या कर शव जंगल में फेंकने की आशंका जता रही है। मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक समेत फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। युवती की अब तक शिनाख्त न होने पर शव को मोर्चरी में रखाया गया है।
थाना क्षेत्र के तरौड़ा गांव के जंगल में सोमवार को दोपहर एक 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव पड़ा मिला। चरवाहों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। जसपुरा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक, सीओ सदर राजवीर सिंह गौर व फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। युवती के माथे और गले में धारदार हथियार से वार किए जाने के घाव मिले हैं।घटनास्थल से कुछ दूरी पर खून के छींटे भी पड़े मिले हैं। पुलिस की अब तक जांच में हत्या कर शव फेंकना माना जा रहा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखाया है। पुलिस घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू पर जांच कर रही है।
घटनास्थल और शव परीक्षण में हत्या किया जाना लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल की जांच की गई है। युवती के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।– मेविस टॉक, सहायक पुलिस अधीक्षक, बांदा
