बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने आस्था को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के गर्भगृह तक घुस गए और चांदी के छत्र समेत करीब 8 किलो चांदी व अन्य कीमती पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
बुधवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। प्रत्यक्ष संकेतों से सामने आया है कि एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था, जिससे पहचान छिपाई जा सके। हैदरगढ़ के कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
चिंताजनक पहलू यह है कि मंदिरों में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। बुधवार सुबह ही जानकारी मिली कि बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी कर ली गई। पिछले एक महीने के भीतर जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
