यूपी के बाराबंकी में नर्सिंग स्टाफ रोली (25) का शव लखनऊ-बाराबंकी रेलखंड पर रेलवे ट्रैक में पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोली ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। वह सफेदाबाद स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताया गया कि बुधवार देर शाम जीआरपी को सूचना मिली कि सफेदाबाद के पास कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया।
कुछ देर बाद ट्रेन संख्या 15098 जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस के लोको पायलट ने मेमो भेजकर सूचना दी कि युवती अचानक ट्रेन के सामने कूद गई थी। इससे उसे बचाया नहीं जा सका। मेमो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
उधर, युवती के लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। फतेहपुर थाना क्षेत्र के बुधियापुर गांव निवासी पिता ब्रजेश कुमार को जानकारी मिली कि पास में ही एक युवती की ट्रेन से कटकर मौत हुई है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान अपनी पुत्री रोली के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, रोली सफेदाबाद स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज परिसर में अपने रिश्तेदार जगदीश चंद्र के साथ रहती थी, जो अस्पताल में वाहन चालक है। उसने एक दिन पहले शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने की बात कही थी। रोली स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी, जबकि उसका छोटा भाई गांव में रहकर ग्रेजुएशन कर रहा है।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दुष्यंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
