
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में चौकी चौराहा पुलिस चौकी के पास बटलर प्लाजा गेट के सामने कार निकालने को लेकर डॉक्टर की बेटी से शनिवार रात छेड़खानी की गई। तीन आरोपियों ने युवती का हाथ पकड़कर खींचा। उसके भाई की बेल्ट से पिटाई कर दी। भीड़ आगे आई तो आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
शनिवार रात सात बजे रामपुर गार्डन निवासी डॉक्टर के पुत्र-पुत्री कार से बटलर प्लाजा के गेट नंबर दो के पास आए थे। वह अपनी कार खड़ी कर अंदर दुकान पर गए। वहां से लौटकर कार निकालने की कोशिश की तो पीछे दूसरी कार खड़ी थी। उन्होंने कार में बैठे लड़कों से उसे हटाने के लिए कहा।
नशे में थे लड़के
आरोप है कि लड़के नशे की हालत में थे, वे कार नहीं हटा रहे थे। विरोध करने पर कार से उतरे तीनों लड़कों ने भाई-बहन से अभद्रता कर दी। युवती का हाथ पकड़कर खींचा और उसके भाई को बेल्ट से पीट दिया। आसपास के लोग मदद के लिए आगे बढ़े तो आरोपी कार छोड़कर भाग गए। कोतवाल डीके शर्मा ने कार को कब्जे में ले लिया।
