
Bareilly firing
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में फायरिंग की घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें बदमाश फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। कार से टक्कर मारने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। देशभर के लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय सहित डीजीपी ने घटना का संज्ञान लेकर स्थानीय अफसरों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो छाने के बाद विपक्षी दलों ने भी घटना को लेकर योगी सरकार की आलोचना की है। मनोज गंगवार ने फेसबुक पर लिखा कि यह मिर्जापुर 3 की शूटिंग नहीं है, बल्कि बरेली में असली गैंगवार चल रही है। अंधाधुंध गोलियां बरस रही हैं।
कानून व्यवस्था का प्रचार हो रहा है। समाजवाद एक सोच पेज पर पोस्ट में कहा गया है कि प्रदेश का कबाड़ा कर दिया गया है। यूपी में गुंडाराज है। वहीं, एक शख्स ने पोस्ट डालकर लिखा है कि मुंबइया रोड स्टाइल गैंगवार की सभी बरेली वासियों को बहुत बहुत बधाई। कई लोगों ने फायरिंग और अराजकता के वीडियो डालकर लिखा है कि यह भारत-पाकिस्तान का बाॅर्डर नहीं है। कब्जे को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग हो रही है।
दरअसल, इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास पर प्लॉट पर कब्जे को लेकर बवाल हुआ था। शनिवार सुबह छह बजे दबंगों ने अंधाधुंध फायरिंग की। दो बुलडोजरों को आग लगा दी गई। एक घंटे तक सड़क पर बवाल होता रहा। इसमें 50 राउंड फायरिंग की गई। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमे आरोपी फिल्मी स्टाइल में फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। शहर में पूरे दिन इस घटना को लेकर चर्चा होती रही।
