बरेली में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी कैनविज कंपनी के निदेशक कन्हैया लाल गुलाटी और उसके आठ गुर्गों के खिलाफ बारादरी थाने में सात लाख रुपये ठगी का एक और मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में एक होमगार्ड और उसकी पत्नी भी शामिल है। गुलाटी के खिलाफ अब तक कुल 34 रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी हैं, पर किसी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सुभाषनगर क्षेत्र की ग्वाल गली निवासी पंकज त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होमगार्ड प्रवेश मिश्रा और उसकी पत्नी ज्योति का उनके घर आना-आना था। प्रवेश ने उनसे कन्हैया गुलाटी की कंपनी में रकम लगाने के लिए कहा। यह भी कहा कि आय पर सात प्रतिशत का ब्याज भी मिलेगा। उनके पास रुपये नहीं थे। प्रवेश ने उनका बैंक से लोन करवाकर कंपनी में सात लाख रुपये निवेश करा दिया। कुछ दिन तक उनके पास मुनाफा आता रहा। बाद में रुपये आने बंद हो गए।
पीड़ित का कहना है कि कन्हैया गुलाटी ने प्रवेश मिश्रा, ज्योति मिश्रा, आशीष, नरेश मौर्य, ओपी मौर्य, जगतपाल सिंह मौर्य और पुष्पेंद्र उर्फं सोनू के साथ साजिश रचकर उनसे सात लाख रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीएम कार्यालय में तैनात है होमगार्ड
पंकज त्रिपाठी का कहना है कि होमगार्ड प्रवेश मिश्रा एसडीएम कार्यालय में तैनात है। उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। प्रवेश के पिता नेत्रपाल मिश्रा और मां भी होमगार्ड में तैनात हैं। ये लोग पहले भी कई लोगों से ठगी कर चुके हैं। प्रवेश का एक भाई जेल में है। पीड़ित का आरोप है कि ठगी करके प्रवेश ने भी करोड़ों रुपये कमाया है। होमगार्ड होने के बावजूद उसके पास लग्जरी गाड़ियां हैं।
