बरेली के कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी गैंग पर शिकंजा कसना शुरू हुआ तो उसके करीबियों ने बचने का रास्ता तलाश लिया। गुलाटी के शार्गिद को कई निवेशकों ने ठगी में नामजद कराया था। अब इन्हीं में से एक ने गुलाटी पर धोखाधड़ी और ठगी का आरोप लगाकर कोर्ट में शिकायत की, इस आधार पर मामला दर्ज कराया गया है। इसे जमानत लेने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
गुलाटी गैंग पर रविवार रात से सोमवार शाम तक पांच नए मामले बारादरी थाने में दर्ज किए गए। इनमें सैकड़ों पीड़ितों की संयुक्त शिकायतें शामिल हैं। मुरादाबाद ठाकुरद्वारा निवासी कलीम ने थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उन्होंने 1775000 रुपये व अन्य 58 लोगों ने करोड़ों रुपये कन्हैया गुलाटी की कंपनी में निवेश किए।
कई लोगों ने निवेश किए रुपये
रामपुर के अजीमनगर निवासी जुबैर ने दो लाख रुपये जबकि उनके परिचित 186 अन्य लोगों ने कई करोड़ रुपये कैनविज कंपनी में लगाए। वीर सावरकर नगर निवासी योगेंद्र ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी और बेटे गोपाल गुलाटी के कहने पर 26 लाख रुपये निवेश किए। जबकि 769 लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश किए थे।