बरेली के नवाबगंज थाने में आने वाले फरियादियों व सीओ के फॉलोअर के साथ अभद्र व्यवहार और भाजपा नेता से मारपीट करने के मामले में इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
नवाबगंज थाने में इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह की तैनाती के बाद से शिकायतों का दौर शुरू हो गया था। खासकर रात में थाने आने वाले फरियादियों के साथ उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें ज्यादा थीं। शनिवार रात भी ऐसा ही हुआ। सीओ नवाबगंज के फॉलोअर वीरपाल और भाजपा के बूथ अध्यक्ष देवेंद्र कुमार थाना आए थे। वह जैसे ही महिला हेल्प डेस्क के पास पहुंचे, इस बीच लोअर और टीशर्ट में कुर्सी पर बैठे जयपाल सिंह इन्हें बुलाकर धमकाने लगे।
सफाई दी, पर नहीं माने इंस्पेक्टर क्राइम
दोनों ने बताया कि उनके एक परिचित थाने में बैठाए गए हैं, उनके बारे में जानकारी लेने आए हैं। इतना सुनते ही जयपाल सिंह ने वीरपाल से गालीगलौज कर दी। वीरपाल ने उन्हें बताया कि वह सीओ के फॉलोअर है तो भी जयपाल सिंह अभद्रता करते रहे। बाद में भाजपा नेता देवेंद्र कुमार को लातों-घूसों से पीटकर हवालात में बंद करने की कोशिश की। थाने में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर कमरे में भेज दिया।
