बरेली में छिपकर रह रहे जिला बदर बदमाश ऋषभ ठाकुर ने छात्रा के साथ घूम रहे दुबई से लौटे दूसरे समुदाय के युवक को जमकर पीटा। छात्रा से भी अभद्रता की। फिर ऑनलाइन व नकद वसूली कर ली। टशन दिखाने के लिए खुद ही वीडियो वायरल कर दिया। कैंट पुलिस ने युवती के पिता की ओर से मामला दर्ज कर ऋषभ और उसके दो दोस्त कन्हैया और आकाश को गिरफ्तार कर लिया है।
कैंट इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मुताबिक, शनिवार शाम शोएब अपने पड़ोस की हिंदू छात्रा के साथ टहल रहा था। ऋषभ व उसके साथियों ने वीरांगना चौक के पास दोनों को रोककर पूछताछ की। छात्रा ने शोएब को पड़ोसी व परिचित बताया। इसके बावजूद ऋषभ व उसके साथियों ने शोएब को पीट दिया। उससे धार्मिक नारे भी लगवाए। फिर छात्रा के पिता को बुलाकर उसे उनके साथ भेज दिया।
शोएब दुबई में काम करता है। घटना के वक्त उसकी जेब से सात हजार रुपये ऋषभ ने निकाल लिए। खाते में दो हजार ऑनलाइन भी डलवा लिए। घटना के संबंध में एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि यह पूरा गैंग है जो धर्म जाति जैसे मुद्दों के बहाने लोगों की पिटाई कर धमकाता है और वसूली करता है। इस मामले में कुछ और लड़कों की गिरफ्तारी होगी।
