बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में अधिवक्ता से मारपीट का मामला सामने आया है। सेंथल कस्बा निवासी अधिवक्ता अख्तर अली की तहरीर पर हाफिजगंज पुलिस ने 54 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें मौलाना समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। अन्य आरोपी अज्ञात हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अधिवक्ता अख्तर अली ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि रविवार शाम को वह अपने मकान में ही बने चैंबर में मौजूद थे। उसी दौरान 54 लोग उनके चैंबर में घुस आए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट कर दी। मौलाना खुर्शीद के पीछे नमाज नहीं पढ़ने पर जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी ने उनका गला दबाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें छुड़ाया।
चैंबर में रखीं फाइल और दस्तावेज फाड़े
घटना के दौरान चैंबर में रखी जरूरी फाइलें और दस्तावेज भी फाड़ दिए गए। चैंबर में आग लगाने की धमकी भी दी गई। हाफिजगंज के थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने भूरा उर्फ इरफान मियां, वसीम मनीदार, मौलाना खुर्शीद, दानिश व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
