बरेली के रामगंगानगर आवासीय योजना स्थित रामायण वाटिका में सोमवार शाम लेजर शो का सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया। इस दौरान सतरंगी रोशनी और भगवान राम के जीवन प्रसंगों के चित्रण ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लेजर शो के दौरान रामायण वाटिका में स्थापित 51 फुट ऊंची भगवान राम की कांस्य प्रतिमा दमक उठी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण जल्द ही मुख्यमंत्री के हाथों प्रस्तावित है।
ट्रायल के दौरान मौजूद बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने लेजर शो की बारीकियों और तकनीकी गुणवत्ता को परखा। उन्होंने बताया कि रामायण वाटिका को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक त्रेता युग की अनुभूति कर सकें। वाटिका में भगवान श्रीराम के जीवन और उनके संघर्षों से जुड़ीं महत्वपूर्ण स्मृतियों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है।
आस्था का केंद्र बनेगी रामायण वाटिका
वाटिका में केवल लेजर शो ही नहीं, बल्कि विभिन्न कलाकृतियों और प्रतीकों के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों को भी दर्शाया गया है। यह न केवल स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि बरेली के पर्यटन मानचित्र पर भी एक प्रमुख स्थान के रूप में उभरेगा। ट्रायल के सफल होने के बाद अब प्रशासन उद्घाटन की अंतिम तैयारियों में जुट गया है। माना जा रहा है कि रामायण वाटिका को जल्द ही शहरवासियों के लिए खोला जा सकता है।
