बरेली के आंवला क्षेत्र के बेहटा चौधरी गांव निवासी पांच वर्षीय संजीव पर लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्चे के पिता विकास ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। गांव के लोग अलाव सेंक रहे थे। तभी एक कुत्ते ने संजीव के चेहरे पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस से विकास अपने बेटे को जिला अस्पताल लाए, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव के लोगों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे लावारिस कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
चार साल में तीन मासूमों की गई जान
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नगर निगम कुत्तों व बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए कतई गंभीर नहीं है। बरेली में यह हाल तब है, जबकि चार साल में कुत्तों के हमलों में तीन मासूमों की जान जा चुकी है। वहीं, हर माह जिले के तीन हजार लोग कुत्ते, बिल्ली, बंदर, सियार के काटने से जख्मी हो रहे हैं। उनको एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) की डोज लगाई जा रही हैं।
नगर निगम क्षेत्र में आने वाले बंडिया, तिलियापुर, मथुरापुर में कुत्तों से काटने की सर्वाधिक घटनाएं हुई हैं। मार्च 2023 में घर के बाहर खेल रही परी पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
