बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव से 14 दिन पूर्व लापता हुए किशोर का शव बृहस्पतिवार शाम बिशारतगंज थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव के पास तालाब में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर पाकर मौके पर जा रहे मृतक के ताऊ ने सदमे से रास्ते में दम तोड़ दिया। एक साथ दो मौतों से गांव शोक में डूबा गया।
अलीगंज के गांव चंदनपुर निवासी नारायण मौर्य का बेटा सागर मौर्य (15 वर्ष) 19 दिसंबर की शाम सात बजे घर से पड़ोसी गांव भीकमपुर में दावत खाने जाने की बात कह कर गया था। लेकिन सागर वहां से वापस नहीं आया। काफी तलाश करने के बाद भी सागर का कोई पता न चलने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी अलीगंज थाने में दर्ज करा दी।
बृहस्पतिवार शाम बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर के पास लोगों ने तालाब में शव पड़ा देखा। लोगों ने ग्राम प्रधान को अवगत कराया। ग्राम प्रधान की सूचना पर बिशारतगंज थाना प्रभारी सतीश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ आंवला नितिन कुमार भी पहुंच गए। पुलिस ने शव तालाब से बाहर निकलवाया। जिस तालाब में शव मिला उसमें मछली पालन होता है।
