
Bareilly weather
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। दिन में लू के थपेड़े झेल रहे लोगों को अब रात में भी सुकून नहीं मिल रहा है। गर्म रात भी भीषण गर्मी का रिकॉर्ड बना रही है। मौसम विभाग के अनुसार 55 वर्षों में तीसरी बार 17 जून की रात सर्वाधिक गर्म रही। पारा 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पछुआ हवा के चलते रातें भी तप रही हैं। न्यूनतम पारा एक बार फिर 55 साल पूर्व का इतिहास दोहरा रहा है। उन्होंने बताया कि बरेली के इतिहास में तीसरी बार रात का पारा 32.1 डिग्री दर्ज हुआ है। इससे पूर्व वर्ष 1969 में भी यही स्थिति थी। वर्ष 1993 में छह जून को रात का पारा 37.4 डिग्री, 1995 में 17 जून को 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। आगामी दिनों में हवा की दिशा बदलने पर रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।
लोगों की बिगड़ रही सेहत
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राहुल बाजपेई के मुताबिक दिन के साथ रात के भी तपने से लोगों के गर्मी की चपेट में आने की आशंका बढ़ गई है। दिनभर भीषण गर्मी का प्रकोप सहने के बाद जब रात में भी गर्मी से निजात न मिले तो डिहाइड्रेशन, डायरिया, मानसिक तनाव, त्वचा संबंधी बीमारियों की चपेट में आने की आशंका बढ़ जाती है। बीपी बढ़ने से हृदय रोगों का खतरा भी रहता है।
