
मां की गोद में मासूम बच्चा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ शुरू हुई। कोहरा और बादल छाने से सोमवार सुबह सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। सर्द हवा चलने से ठिठुरन भी बढ़ गई है। साल 2023 के आखिरी दिन गिरे अधिकतम पारे ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हवा का रुख देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर अगले 72 घंटे और कड़ाके की ठंड के आसार जताए हैं। सर्द हवा और पहाड़ों पर हो रही हवा से लोग कंपकंपा रहे हैं। बीते छह दिन से लोगों को धूप के दर्शन नहीं हुए।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही हवा से पश्चिमी विक्षोभ हावी हुआ है। रविवार को अधिकतम 13.6 और न्यूनतम 10.6 डिग्री दर्ज हुआ। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 में अधिकतम पारा 9.7 डिग्री, न्यूनतम 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। क्रमवार वर्ष 2020 में 15.4 डिग्री, 3.9 डिग्री, वर्ष 2021 में 15.5 डिग्री, 9.8 डिग्री, 2022 में 19.7 डिग्री, 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। आगामी दिनों में पारा और लुढ़कने के संकेत हैं।
बारिश के बाद कोहरे से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में पारा और लुढ़कने के आसार हैं। इस दौरान लोगों को गलन वाली ठंड का अहसास करना पड़ेगा। पाला गिरेगा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया था कि नए साल का आगाज कोहरे और शीतलहर से होगा। बारिश के बाद ही कोहरा से निजात मिलेगी।