पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने पुलिस ध्वज फहराया। एसपी ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को यह ध्वज प्रदान किया था। यह शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रतीक है।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी संदेश पढ़कर सुनाया। इसमें बताया गया कि प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपना रही है। ऑपरेशन कनविक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन पहचान जैसी पहलों से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
