संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बीते दिनों आइआरसीटीसी की ओर से धार्मिक यात्रा के लिए सात ज्योर्तिलिंग और दक्षिण भारत की यात्रा के लिए भारत गौरव ट्रेन के संचालन की घोषणा की गई थी, लेकिन यात्री न मिलने के कारण इनको रद्द कर दिया गया। वहीं, जब अयोध्या के लिए ट्रेन चलाने की घोषणा हुई तो भगवान राम के भक्तों ने इसे हाथों हाथ लिया। घोषणा के मात्र 10 दिन में ही यह ट्रेन फुल हो चुकी है।
रेलवे की सहयोगी संस्था आइआरसीटीसी ने 27 जुलाई को सात ज्योर्तिलिंग की यात्रा के लिए भारत गौरव ट्रेन का संचालन करने की घोषणा की थी, लेकिन इस ट्रेनों को 160 यात्री ही मिले। इसके बाद आइआरसीटीसी ने इसे रद्द कर दक्षिण भारत की यात्रा के लिए ट्रेन घोषित की। लेकिन, यह ट्रेन भी अपने संचालन की तिथि तक आधे यात्री भी नहीं जुटा सकी और इसे भी रद्द करना पड़ा। इसके बाद से झांसी के रास्ते इस रूट पर चलने वाली किसी भी ट्रेन की घोषणा नहीं हुई।
वहीं, जब भगवान राम की नगरी अयोध्या के लिए ट्रेन चलाने का ऐलान हुआ तो श्रद्धालुओं में ऊर्जा का संचार हो गया। 26 अगस्त को ट्रेन चलाने की घोषणा हुई और छह सितंबर तक मात्र दस दिन में ही गंगासागर भारत गौरव ट्रेन की 700 सीटें फुल हो गईं। हालांकि, ट्रेन के संचालन को अभी सात दिन बाकी हैं। 9 रात और 10 दिन की यात्रा के लिए चलाई जा रही ट्रेन 14 सितंबर को रवाना होगी, जो 23 सितंबर को यात्रा पूरी कर लौटेेगी। इसमें श्रद्धालुओं को अयोध्या समेत अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
:::
इन मंदिरों के दर्शन करेंगे श्रद्धालु
वैद्यनाथ मंदिर जसडीह, विष्णुपद मंदिर गया, जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क मंदिर, पुरी के स्थानीय मंदिर, गंगासागर, काली मंदिर कोलकाता, काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, रामजन्म भूमि, हनुमानगढ़ी और अयोध्या के विभिन्न मंदिर।
::::
इन स्टेशन से सवार होेंगे इतने श्रद्धालु
आगरा कैंट स्टेशन से 253, ग्वालियर स्टेशन से 85, झांसी स्टेशन से 55, कानपुर स्टेशन से 88, लखनऊ स्टेशन से 186 और अयोध्या कैंट स्टेशन से 33 श्रद्धालु ट्रेन में सवार होंगे।
:::
किस्तों में चुका सकेंगे किराया
ट्रेन में स्लीपर क्लास की यात्रा के लिए 18,000 रुपये किराया है। वहीं, थर्ड एसी कोच के लिए 29,650 रुपये और सेकेंड एसी कोच में यात्रा के लिए 38,850 रुपये का भुगतान करना होगा। इसमें श्रद्धालुओं को ईएमआई यानी किस्तों में किराया देने का भी विकल्प दिया गया है।
:::
वर्जन
14 सितंबर से कोलकता गंगासागर यात्रा भारत गौरव ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस ट्रेन में यात्रा करने वालों के लिए ईएमआई का भी विकल्प दिया गया है। – अजीत कुमार सिन्हा, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी, लखनऊ
