Bhole baba authorized SC lawyer AP Singh for Hathras incident

हाथरस हादसा: भोले बाबा ने वकील एपी सिंह को किया अधिकृत
– फोटो : संवाद

विस्तार


यूपी के हाथरस में साकार विश्व हरि के समागम में भगदड़ से बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद बाबा मैनपुरी जिले के बिछवां स्थित आश्रम में आकर छिप गया। 29 घंटे के इंतजार के बाद बाबा का पहला बयान सामने आया है। बाबा ने चिट्ठी जारी करके मृतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं होने की बात कही। घटना के बाद ये पहली बार है जब बाबा का कोई बयान सामने आया है। वहीं ये भी साफ हो गया है कि बाबा बिछवां स्थित आश्रम में ही रुका हुआ है। 

मंगलवार दोपहर 2 बजे के करीब हाथरस के सिकंदराराऊ में आयोजित साकार विश्व हरि के समागम के बाद भगदड़ मच गई थी। इसमें एक सैकड़ा से अधिक लोगों की जान चली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पूरे मामले पर नजर बनाए रहे। लेकिन घटना के बाद बिछवां आश्रम में छिपे बाबा का अब तक कोई बयान सामने नहीं आया था। 

बृहस्पतिवार को 29 घंटे बाद शाम 7 बजे के करीब बाबा ने अपना लिखित संदेश जारी किया। अंग्रेजी में लिखे गए इस संदेश में मृतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ ही घायलों के जल्द स्वास्थ्य होने की परमात्मा से प्रार्थना की बात लिखी गई थी। 

साथ ही हाथरस में हुए समागम में कुछ अराजकतत्वों के शामिल होने का आरोप लगाया। कहा इन अराजकतत्वों ने ही भगदड़ कराई। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए  सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एपी सिंह को अधिकृत किया है। पत्र पर नीचे बाबा का नाम और हस्ताक्षर भी किए गए हैं। 

बाबा की उपस्थिति पर संशय भी हुआ खत्म 

बुधवार को दोपहर बाद से बिछवां स्थित आश्रम पर बाबा के होने को लेकर भी संशय था। पुलिस भी कुछ साफ बोलने के लिए तैयार नहीं थी। लेकिन आश्रम से बाबा द्वारा पत्र जारी किए जाने के बाद ये भी साफ हो गया है कि बाबा आश्रम में ही है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *