यूपी-बिहार के 30 से 35 फीसदी जजों ने बीएचयू से ही कानून की पढ़ाई की है। कल यानी शनिवार को ज्यादातर जज बीएचयू में एक साथ होंगे। 14 फरवरी को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश और विधिवेत्ता भी अपने पुराने कॉलेज में आएंगे। यहां पर कई वर्ष बाद एजेंडा आधारित विशेष पुरातन छात्र सम्मेलन और राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
धर्म और एआई पर केंद्रित मुद्दों को न्याय की कसौटियों पर कसा जाएगा। विकसित भारत 2047 से पहले विकसित न्यायिक व्यवस्था बनाई जाएगी। विधि की पढ़ाई कर कॉलेज से निकले छात्रों को वकील के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी नौकरियां मिले, इस पर भी बात होगी। ऐसे कुल नौ एजेंडे तय किए गए हैं। इसके निष्कर्ष को डॉक्यूमेंट के रूप में लॉ कमिशन ऑफ इंडिया, नीति आयोग, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट, राज्य सरकार और केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के समन्वयक और बीएचयू के विधिवेत्ता प्रो. एसके गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस बीएस चौहान ऑनलाइन जुड़ेंगे। वहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ से जस्टिस अवधेश चौधरी सहित छह हाईकोर्ट के न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट के न्यायविद और कानून के जानकार इस सम्मेलन में आएंगे।
इस पुरा छात्र सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लिए विकसित न्यायिक व्यवस्था, विकसित पार्लियामेंट और विकसित कानून-व्यवस्था बनाने की बात होगी। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की वैधानिकता, डिजिटल दुनिया में समावेशी न्याय, अंग्रेजों के जमाने के आपराधिक न्याय प्रणाली, धर्म न्यायशास्त्र, साइबर स्वतंत्रता और सुरक्षा और पर्यावरणीय न्याय और शासन जैसे मुद्दों पर एक डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा।
