बीएचयू अस्पताल में शुक्रवार की दोपहर एमसीएच विंग में जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि अस्पताल के एमएस प्रोफेसर डॉ. केके गुप्ता ने हेपेटाइटिस, एचआईवी जांच वाले कमरे में रखी जांच किट, जरूरी फाइलें, जांच के अन्य उपकरण सहित अन्य सामान बाहर फिंकवा दिए। जब यह कार्रवाई की गई तब स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर संगीता राय ओपीडी में गर्भवती महिलाओं को देख रही थीं फिर भी उन्हें जानकारी नहीं दी गई। नाराजगी जताने पर विभागाध्यक्ष से दुर्व्यवहार भी किया गया। मामले में विभागाध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही निदेशक प्रो. एसएन संखवार से शिकायत दर्ज कराई। विभागाध्यक्ष ने एमएस की कार्रवाई को शर्मनाक बताया और कहा कि विभागाध्यक्ष का कोई मतलब नहीं रह गया।
व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किए गए हैं वीडियो
सामान फेंके जाने से जुड़े वीडियो बीएचयू के व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किए गए हैं। इस पर दूसरे विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ डॉक्टर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। डाॅक्टर कह रहे हैं कि बीएचयू अस्पताल में ऐसा पहली बार हुआ जब कर्मचारियों के साथ एमएस सामान फिंकवाने एमसीएच विंग पहुंच गए।
