फोटो 20 : पीड़ित महिला से पूछताछ करतीं थानाध्यक्ष प्रीती सेंगर। संवाद
-लखना-चकरनगर मार्ग पर लवेदी थानाक्षेत्र में दोपहर एक बजे की घटना
-थाना लवेदी व क्राइम बांच की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल बदमाशों की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर/लवेदी। थाना क्षेत्र में लखना से सब्जी खरीदकर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े वृद्ध महिला के गले से सोने की जंजीर छीन ली। वृद्धा के शोर मचाने पर राहगीरों व आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लवेदी पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
लवेदी थानाक्षेत्र के ग्राम दाउदपुर निवासी पीड़ित विनोद कुमार तिवारी प्राविधिक शिक्षा विभाग लखनऊ से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि वह ग्राम बसैयाहार में एक रिश्तेदार के यहां श्रीमद्भागवत कथा में आए थे। कथा का समापन होने के बाद शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे वह पत्नी कमला तिवारी के साथ लखना नहर पुल से सब्जी खरीदकर अपने घर दाउदपुर गांव लौट रहे थे। विनोद कुमार तिवारी के अनुसार, जैसे ही वे लखना चकरनगर मार्ग पर लालपुल के पास पहुंचे, पीछे से लखना की तरफ से आये बाइक सवार दो लुटेरों ने उनकी पत्नी कमला तिवारी के गले से सोने की जंजीर खींच ली। लुटेरे चेन लहराते हुए तेज गति से दाउदपुर के सामने बंबा पटरी से होकर भाग निकले। दंपती ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरे दूर निकल चुके थे। पीड़ित दंपती बाइक की पहचान नहीं कर पाए। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 और लवेदी थाना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष लवेदी प्रीति सेंगर व एसआई जितेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और दाउदपुर स्थित जनसेवा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम लखना नगर के नया नहर पुल के पास उन दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चेन स्नेचिंग की सूचना मिली है। मामले की छानबीन कर बदमाशों की पहचान की जा रही है। इससे जल्द से जल्द उन्हें पकड़कर माल बरामद किया जा सके।
