उरई जालौन। ओलावृष्टि से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख रामपुरा अजीत सिंह सेंगर ने अपना जन्मदिन सेवा और संवेदना के साथ मनाया। उन्होंने घर-घर जाकर आर्थिक सहायता प्रदान की और पीड़ित परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
ज्ञात हो कि गत सप्ताह आई भीषण आंधी और ओलावृष्टि ने जनपद जालौन के कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया। कई किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खासकर उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिनके यहां आने वाले दिनों में बेटियों के विवाह तय हैं। ऐसे में उनके सामने रोजमर्रा के खर्च से लेकर विवाह की तैयारियों तक की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने अपने जन्मदिन को सादगी से मनाने का निर्णय लिया। 10 अप्रैल को जब लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई देने उनके आवास पर पहुंचे, तो उन्होंने औपचारिक उत्सव से इनकार करते हुए जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लिया। उनके इस निर्णय को उपस्थित लोगों ने सराहा और बड़ी संख्या में लोग उनके साथ सेवा कार्य में शामिल हो गए।
इसके बाद सेंगर ने ग्राम पचोखरा, जाजेपुरा, धर्मपुरा जागीर और जमरेही सानी पहुंचकर उन परिवारों से मुलाकात की, जिनकी बेटियों के विवाह निकट हैं। उन्होंने प्रत्येक परिवार को राहत सामग्री के रूप में एक-एक कुंटल आटा, 50 किलो शक्कर और 15 लीटर रिफाइंड तेल उपलब्ध कराया। साथ ही प्रत्येक बेटी को ₹5100 की आर्थिक सहायता ‘भाई’ के रूप में भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस दौरान उन्होंने परिवारों को आश्वस्त किया कि वे इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं और किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ब्लॉक प्रमुख की इस मानवीय पहल से कई परिवार भावुक हो उठे और उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े।
अपने जन्मदिन को इस तरह सेवा और सहयोग के रूप में मनाने के लिए अजीत सिंह सेंगर की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें