सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों के परीक्षा संंबंधी तनाव को कम करने के लिए एक साइको-सोशल काउंसलिंग सर्विस शुरू कर दी है। यह खासतौर पर कक्षा 10 और 12 के बोर्ड परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन की गई है।
यह है टेली काउंसिलिंग की खासियत
छात्र हिंदी और इंग्लिश में 24/7 सपोर्ट पाने के लिए 1800118004 पर कॉल कर सकते हैं। यह सर्विस तनाव रहित तैयारी, टाइम और स्ट्रेस मैनेजमेंट, अक्सर पूछे जाने वाले सवाल पर गाइडेंस देती है। इसके माध्यम से छात्र और यहां तक अभिभावक भी प्रशिक्षित पेशेवरों की मदद ले सकते हैं। जिनमें प्रिंसिपल, काउंसलर, विशेष शिक्षक और मनोवैज्ञानिक शामिल हैं। इस काउंसिलिंग का उद्देश्य परीक्षा से जुड़े तनाव को कम कर इमोशनल वेल-बीइंग को बढ़ावा देना है, ताकि छात्र 17 फरवरी से शुरू होने वाले अपने आने वाले लिखित परीक्षा में आत्मविश्वास के साथ शामिल हो सकें।
प्री बोर्ड से करेंगे तैयारियों का आकलन
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद से 10 वीं और 12 वीं के प्री बोर्ड का दूसरा चरण बुधवार से शुरू हो रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की प्री बोर्ड परीक्षाएं भी 13 जनवरी से शुरू होनी है। यूपी बोर्ड का प्री बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम तैयार हो चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से एक-दो दिन में परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। वहीं, यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी 24 जनवरी से एक फरवरी के मध्य संपन्न कराई जाएंगी।
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र से भी ले सकते हैं मदद
बोर्ड परीक्षा को लेकर अगर तनाव है तो यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई, आईएससी बोर्ड के छात्र और अभिभावक पंचकुइंया स्थित मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की मदद ले सकते हैं। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आना होगा। मंडलीय मनोवैज्ञानिक जितेंद्र यादव ने बताया कि कोई भी छात्र या अभिभावक किसी मानसिक समस्या महसूस करने पर केंद्र की मदद ले सकते हैं। छात्र चाहें तो मोबाइल नंबर 9528528175 और 9897008880 पर संपर्क मनोवैज्ञानिकों से तनाव मुक्त रहने के लिए सलाह (काउंसिलिंग) ले सकते हैं।
