लखनऊ। यूपी बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी के लिए नोट्स और पाठ्यपुस्तकों से ही अभ्यास किया जाए।

शुक्रवार को इंदिरानगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संवाद में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा से जुड़े अपने प्रश्न रखे, जिनका उन्होंने व्यावहारिक समाधान बताया।

प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को राजधानी सहित प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के विचार सुने और मौके पर मौजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों से संवाद किया। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, छोटी जुबिली, जिलामऊ, नरही सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी संवाद कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां छात्रों ने परीक्षा से जुड़े सवाल पूछे।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा के समय घबराहट, याद न रह पाने और सभी विषयों की तैयारी को लेकर अपनी दिक्कतें साझा कीं। इस पर अपर मुख्य सचिव ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दौरान कई तरह की चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन धैर्य और सही रणनीति से इनका समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन से दूरी बनाकर, विषयवार नोट्स तैयार कर बिंदुओं के आधार पर पढ़ाई करने से समझ और स्मरण शक्ति बेहतर होती है।

विद्यार्थियों के सवाल, मिले व्यावहारिक जवाब

प्रश्न: पढ़ाई की शुरुआत कहां से करें और क्या पहले पढ़ें? (निधि मिश्रा, कक्षा 12वीं, इंदिरानगर जीजीआईसी) जवाब: विषयों के अनुसार प्रश्नों का विभाजन करें। जो विषय कठिन लगें, उन पर अधिक अभ्यास करें।

प्रश्न: सब कुछ तैयार होने के बावजूद परीक्षा के समय याद नहीं रहता।

(पायल साहू, कक्षा 12वीं, इंदिरानगर जीजीआईसी) जवाब: रटने के बजाय विषय को समझकर पढ़ें। उदाहरणों के माध्यम से अभ्यास करें।

प्रश्न: घर के काम और पढ़ाई में संतुलन कैसे बनाएं? (साक्षी जायसवाल, कक्षा 12वीं, इंदिरानगर जीजीआईसी) जवाब: परीक्षा के समय पढ़ाई को प्राथमिकता दें। अभिभावकों से सहयोग लें और सुबह के समय नियमित अध्ययन करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें