फोटो- 04 पुलिस गिरफ्त में लॉकअप से भागे आरोपी। पुलिस विभाग
-सिपाही को धक्का देकर हिरासत से भाग गए थे आरोपी
-मंदिर में हुई चोरी के आरोप में पुलिस ने लिया था हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। सिपाही को धक्का देकर भागे चोरी के दोनों आरोपियों को काफी मशक्कत के पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसपी ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया था। कोतवाली में आरोपियों व सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी।
शहर के मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से चोरी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के लहारिया पुरवा निवासी बच्चन रजक, छोटू उर्फ काली व सुशील नगर निवासी धर्मेंद्र खंगार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 5800 रुपये और चोरी के घंटे बरामद किए थे। तीनों चोरों को उरई कोतवाली के लॉकअप में बंद कर दिया था। गुरुवार सुबह काली उर्फ छोटू ने बीमार होने का नाटक कर इलाज के लिए ले जाने की गुहार लगाई।
इस पर जैसे ही ड्यूटी पर तैनात सिपाही हरवंत सिंह ने लॉकअप का गेट खोला तो छोटू उर्फ काली और बच्चन रजक सिपाही हरवंत सिंह को धक्का देकर भाग गए थे। इस मामले में चोर बच्चन रजक, छोटू उर्फ काली के अलावा ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल हरवंत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 262, 261 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इस मामले की जानकारी होने पर एसपी ने सिपाही हरवंत सिंह और उरई कोतवाली में ही कार्यालय में तैनात कांस्टेबल जसवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। एसपी डॉ दुर्गेश कुमार ने फरार चोरों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित तीन टीमें गठित की थी। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि टीमों ने घटना के 12 घंटे के अंदर ही गुरुवार देर रात को फरार हुए दोनों चोरों बच्चन रजक और छोटू उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया।
