इटावा। पिछले तीन दिनों से आंधी और बेमौसम बारिश की मार झेल रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी के कारण बुधवार को दिन में बादलों की आवाजाही जरूर बनी रहेगी लेकिन सुबह 11 बजे के बाद बारिश की कोई संभावना नहीं है। गुरुवार से मौसम पूरी तरह साफ होने और तेज धूप निकलने के आसार हैं जिससे गेहूं की कटाई और मड़ाई के काम में तेजी आ सकेगी।
मौसम विशेषज्ञ एसएन सुनील पांडे ने बताया कि मौसमी मॉडल के अनुसार, गुरुवार से आसमान साफ हो जाएगा और चटक धूप निकलेगी। यह स्थिति आगामी रविवार तक बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि, बुधवार सुबह तक नमी के कारण आंशिक बादल दिख सकते हैं, लेकिन इसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा। उन्होंने बताया कि वातावरण में नमी है, इसलिए आज सुबह तक बादलों की आवाजाही रहेगी। लेकिन 11 बजे के बाद मौसम खुल जाएगा। गुरुवार से रविवार तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा, किसान अपनी कृषि गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित कर सकते हैं।
