
हादसे में मृत युवक व विलाप करते परिजन।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
लखनऊ स्थित गेस्ट हाउस में बहन की शादी का इंतजाम देखने जा रहे भाईयों की बाइक सड़क से उतर कर पेड़ से टकरायी। इस हादसे में एक भाई की मौत हो गई जबकि चचेरे भाई को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया। उसकी नाजुक हालत देखकर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है।
थाना इमलिया सुल्तानपुर की चौकी काजीकमालपुर के नौवा अंबरपुर में सीतापुर गोला मार्ग पर सुबह तड़के शाहजहांपुर के ग्राम निमिचा थाना बंडा निवासी नवनीत मिश्रा (50) पुत्र राजीव मिश्रा व चचेरे भाई दीपक मिश्रा (28) सुरेन्द्र मिश्रा लखनऊ जा रहे थे। जैसे ही नौवा अंबरपुर मोड़ के पास पहुंचे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बायें नीचे उतरकर पेड़ ये टकरा गयी। जिससे नवनीत मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गयी। 112 को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची 112 द्वारा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां नवनीत मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायल दीपक की स्थिति को नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि आज शाम को मृतक की सगी बहन शालिनी की शादी लखनऊ के एक गेस्ट हाउस से होनी थी। जिसका इंतजाम देखने बहुत सुबह घर से निकले थे।
