बुंदेलखंड विवि कैंपस एवं संबद्ध महाविद्यालयों के यूजी-पीजी सम सेमेस्टर की परीक्षाओं के फार्म अब 30 मार्च तक भरे जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि तिथि विस्तारित नहीं की जाएगी। 11 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू करने का अंतिम कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
बीयू ने परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की थी। एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं फार्म भर चुके हैं। करीब 30 हजार ने परीक्षा फार्म नहीं भरा है। कुछ महाविद्यालय तथा छात्रों ने प्रत्यावेदन के माध्यम से अंतिम तिथि विस्तारित करने का अनुरोध किया। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने अंतिम तिथि 30 मार्च तक विस्तारित कर दी है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी-एबीसी आईडी होना तथा क्रेडिट डाटा से जुड़ा होना अनिवार्य है। यदि शत-प्रतिशत छात्रों की अपार व एबीसी आईडी प्राप्त नहीं होती है तो संबंधित महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू कराई जाएंगी। छह मार्च को अनंतिम परीक्षा कार्यक्रम जारी किया था, जिस पर आई आपत्तियों को निस्तारित कर अंतिम कार्यक्रम जारी कर दिया है।
अप्रैल के द्वितीय सप्ताह से भरे जाएंगे प्रवेश फार्म
झांसी। बीयू परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी में दाखिले के फार्म भरने की प्रक्रिया अप्रैल के द्वितीय सप्ताह में शुरू होगी। वहीं, जिनमें दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा प्रस्तावित है, वह जून के पहले सप्ताह में होगी। कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि नए शिक्षा सत्र का कैलेंडर तैयार कर लिया है। हर हाल में जुलाई से पठन-पाठन शुरू होगा।
यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के परिणाम जारी
बीयू ने यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के कई रिजल्ट जारी कर दिए हैं। एम.लिब, एमएससी जूलॉजी, एमएससी फिजिक्स, बी.टेक फूड टेक, बी.टेक आईई, एमएससी (एग्री) सॉयल साइंस एंड एग्रीकल्चर केमिस्ट्री, एमएससी (एग्री.) हॉर्टीकल्चर, एम. फार्मा (फार्मेकोलॉजी), एम. फार्मा फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री, एमबीए (बीटी) व बी.टेक (सीएस) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि परिणाम बीयू की साइट पर अपलोड कर दिया है।
