केंद्रीय बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए की गई घोषणाएं उत्तर प्रदेश के छोटे और मझोले उद्योगों के लिए बड़ी राहत बनकर आई हैं। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं, जो लाखों लोगों को रोजगार देने के साथ राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती हैं। बजट के प्रावधानों से इन इकाइयों को पूंजी, बाजार और तकनीक तीनों स्तरों पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बजट की सबसे अहम घोषणा 10,000 करोड़ रुपये के एसएमई ग्रोथ फंड की है। इसके तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाली एमएसएमई इकाइयों को इक्विटी सहायता मिलेगी। नवाचार, उत्पादन विस्तार, रोजगार सृजन और निर्यात में आगे बढ़ रही यूपी की इकाइयों को इससे खास लाभ होगा।
