
बुलडोजर से ढहाया गया अवैध निर्माण
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के बिनावर क्षेत्र के गांव कादराबाद में अवैध रूप से मदरसे का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस व प्रशासन की टीम ने सोमवार को अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया। मौके पर पुलिसकर्मी की तैनाती भी की गई है ताकि दोबारा कोई निर्माण कार्य न करा सके।
सोमवार को एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव कादराबाद पहुंचे। उन्होंने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए जा रहे मदरसे को गिरा दिया। इसमें चार लोग जावेद, अब्दुलहसन, जीशान और आस मोहम्मद को हिरासत में लेकर चालान किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि यहां बिना अनुमति के ही मदरसा का निर्माण कार्य करा दिया गया था। इसको लेकर दो दिन पहले शिकायत आई थी तब पुलिस और राजस्व टीम भेजी गई थी और नोटिस जारी किए गए थे। निर्माण कार्य रुकवा दिया था। वहीं इस मामले में निर्माण कराने वाले मौके से भाग गए थे। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर सोमवार को गिरवाया गया है।
