सात में सबसे पहले दिल्ली-वाराणसी के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर तैयार होगा। रेलवे बोर्ड ने नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) को पत्र लिख पुराने डीपीआर को अपडेट करने का निर्देश दिया है। अभी साल 2021 में तैयार डीपीआर बोर्ड के पास है जिसके मुताबिक दिल्ली से वाराणसी के बीच उत्तर प्रदेश के 12 शहरों से होकर बुलेट ट्रेन गुजरेगी।
बोर्ड के सूत्रों का कहना है कि नई डीपीआर आने से स्टेशनों में बदलाव की गुंजाइश कम है। इसका मतलब है कि यह ट्रेन दिल्ली (सराय काले खां) से नोएडा, जेवर (इंटरनेशनल एयरपोर्ट), मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कन्नौज, लखनऊ, अयोध्या (कनेक्टिंग लिंक), रायबरेली, प्रयागराज और भदोही होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
कुछ दिन पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में सात हाई स्पीड रेल परियोजनाओं की घोषणा की जिसमें दिल्ली-वाराणसी मार्ग भी शामिल है। बजट के कुछ दिन बाद रेलवे बोर्ड ने बैठक ली और उसमें फैसला लिया कि सबसे पहले इसी दिल्ली से वाराणसी मार्ग पर बुलेट ट्रेन की यात्रा शुरू होगी। बोर्ड अधिकारियों का यहां तक कहना है कि अगर सब कुछ सही रहा तो अगले दो से तीन महीने में बुलेट ट्रेन के लिए कार्य जमीनी स्तर पर दिखाई देना भी शुरू होगा। बीते दिनों एनएचएसआरसीएल की एक टीम ने प्रोजेक्ट के क्षेत्रीय कार्यालय के गठन के लिए उत्तर प्रदेश का दौरा किया जिससे स्थान का चयन जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
