अमेठी सिटी। धनतेरस से पहले ही सराफा बाजार चमक उठा है। सोने-चांदी की कीमत में लगातार उछाल आ रहा है। सहालग के पहले सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को देख ग्राहक इंतजार के बजाए बाजार में पहुंचकर गहनों की बुकिंग करा रहे हैं। सहालग से जुड़े अधिकतर ग्राहक भी धनतेरस और दीपावली के शुभ मुहूर्त पर गहनों की डिलीवरी लेंगे।
सराफा कारोबारियों के अनुसार बाजार में इस बार आभूषणों की नई डिजाइन और वैराइटी मौजूद है। धनतरेस और दीपावली को लेकर लक्ष्मी-गणेश के साथ ही खाटू श्याम, श्री गणेश, श्रीराम, राधा-कृष्ण की चांदी की प्रतिमाएं भी दुकानों पर उपलब्ध हैं।
बॉक्स
पिछले सात दिनों के भाव
तिथि सोना (प्रति 10 ग्राम) चांदी (प्रति किग्रा.)
16 अक्तूबर 77,350 91,700
17 अक्तूबर 77,780 92,100
18 अक्तूबर 77,650 93,200
19 अक्तूबर 78,150 95,600
20 अक्तूबर 78,120 95,800
21 अक्तूबर 78,800 96,700
22 अक्तूबर 79,750 97,300
23 अक्तूबर 80,400 98,300
24 अक्तूबर 80,600 99,800
नोट: सोने, चांदी का भाव रुपये में (गौरीगंज सराफा व्यवसायी से प्राप्त आकंड़ों पर आधारित)
अच्छे कारोबार की उम्मीद
गौरीगंज कस्बे में सराफा दुकान करने वाले धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि व्यवसाय के लिहाज से अच्छी बात यह है कि इस बार बाजार में लगातार ग्राहक बने हुए हैं। शारदीय नवरात्र व करवा चौथ पर लोगों ने जमकर खरीदारी की थी। धनतेरस व दीपावली में भी सोने-चांदी की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। महंगाई थोड़ी जरूर है, लेकिन ग्राहकों पर इसका असर नहीं दिख रहा है।
चल रही एडवांस बुकिंग
गौरीगंज के सराफा व्यवसायी मनोज कसौंधन ने बताया कि धनतेरस को लेकर ग्राहकों ने पहले से ही आभूषणों की बुकिंग कर ली है। ग्राहक मनपसंद आभूषण के लिए ऑर्डर भी कर रहे हैं। धनतेरस व दीपावली त्योहार पर आकर्षक आभूषण मंगवाए गए हैं।
