Bus operations stopped on Delhi, Agra and Bareilly routes, difficulties increased

गौरीगंज में खड़ी रोडवेज बस

अमेठी। लोकसभा चुनाव और रामनवमी का असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। रविवार से दिल्ली, आगरा, बरेली व मऊ रूट पर बसों का संचालन ठप हो गया। इस रूट पर चलने वाली बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि, सोमवार को रोडवेज की 14 बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी जाएंगी। रामनवमी पर 20 बसों को 16 अप्रैल से अयोध्या रूट पर चलाया जाएगा। अमेठी डिपो से एक सप्ताह पहले चार बसों को चुनाव ड्यूटी के लिए भेजा गया था। जिससे गोंडा-बलरामपुर, जौनपुर रूट पर बसों का संचालन पहले ही बंद हो गया। एक बार फिर सोमवार को अमेठी से 14 बसों को चुनाव ड्यूटी में भेजा जाना है। लंबी दूरी की बसों को वापस बुलाया गया है। इन बसों को डिपो पर एकत्र किया जा रहा है। रविवार से दिल्ली, आगरा, बरेली व मऊ रूट पर बसों का संचालन ठप हो गया है। संचालन प्रभारी सूर्यभान सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार को 14 बसों को चुनाव ड्यूटी में भेजा जाएगा।

16 से 19 अप्रैल तक अयोध्या जाएंगी 20 बसें

वहीं, 16 अप्रैल से 19 अप्रैल तक रामनवमी मेले से 20 बसों की मांग अयोध्या के लिए की गई है। इन बसों को अयोध्या रूट पर चलाया जाना है। ऐसे में 16 अप्रैल से कई और रूटों पर बसों का संचालन प्रभावित होगा। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि वैकल्पिक प्रबंध किए जा रहे हैं।

यह है स्थिति

अमेठी। स्थानीय रोडवेज डिपो में निगम की कुल 42 बसें व तीन अनुबंधित बसें संचालित होती हैं। जिसमें से चार बसें पहले चुनाव ड्यूटी में लगाई गई हैं। शेष 14 बसें सोमवार को भेजी जा रही है। जबकि 16 अप्रैल से 20 बसें रामनवमी मेले में चलाई जाएंगी। इसके बाद निगम की चार व अनुबंधित तीन बसें ही बचेंगी। इन बसों को प्रयागराज, लखनऊ, सुल्तानपुर व आजमगढ़ रूट पर चलाया जाएगा।

यात्रियों को होगी दिक्कत

एक साथ बसों के चुनाव व रामनवमी मेले में लगाए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जिन रूटाें पर बसों का संचालन रविवार को ठप किया गया है, इन रूटों पर चलने वाली बसों से प्रतिदिन करीब 400 यात्री सफर करते थे। रेलवे की समस्या बढ़ती जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *