कासगंज। पीसीएस (प्रांतीय सिविल सेवा) परीक्षा का आयोजन 12 अक्तूबर को जनपद व अन्य स्थानों पर किया जाएगा। रोडवेज ने सुबह 4 बजे से बसों को चलाने का निर्णय लिया है। इससे आगरा,अलीगढ़, बरेली और हाथरस जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए केंद्र पर पहुंचने में आसानी होगी।पीसीएस परीक्षा को लेकर रोडवेज ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। परीक्षा के लिए प्रतिभागी दूर-दराज से पहुंचते हैं। इससे बसों में सफर करने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज सुबह 4 बजे से बसों का संचालन करेगा। इससे आगरा, बरेली, हाथरस व अलीगढ़ जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर छात्राें को जाने में आसानी रहेगी।
छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए यह पहल की जा रही है। पीसीएस परीक्षा के दौरान छात्रों की सहायता के लिए बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। यहां से छात्र परीक्षा केंद्र के बारे में जानकारी कर सकेंगे और समय सारिणी से जुड़ी जानकारी उन्हें प्राप्त होगी। दूर-दराज़ से आए छात्र बिना किसी असुविधा के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
यह कदम खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा। एआरएम ओमप्रकाश ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड से बसों का संचालन सुबह 4 बजे से किया जाएगा। इससे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।