Candidates are running even before police recruitment

गौरीगंज में जनसेवा केंद्र पर पुलिस भर्ती के आवेदन के लिए खडे़ अभ्यर्थी।

अमेठी सिटी। पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इसके लिए युवा आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र बनवाने में जुटे है। वेबसाइट में तकनीकी गड़बड़ी आने की वजह से तहसीलों से आवेदन फॉरवर्ड नहीं हो पा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 जनवरी तक है। ऐसे में प्रमाणपत्र बनने में हो रही देरी की वजह से अभ्यर्थी तहसीलों तक दौड़ लगा रहे हैं।

कांस्टेबल पद के लिए आवेदन प्रक्रिया तो चल ही रही है साथ ही सात जनवरी से दरोगा व कंप्यूटर ऑपरेटर पदों के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती के लिए आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र आवेदन के समय अपलोड करना अनिवार्य है। ऐसे में युवा इन प्रमाणपत्रों को बनवाने में जुटे हैं। जिसे लेकर तहसीलों में रोजाना आवेदन आ रहे हैं। वहीं वेबसाइट धीरे चलने के कारण प्रमाणपत्र बनने में काफी देरी हो रही है। साइट धीमी चलने से लेखपालों की रिपोर्ट लगाने में देरी हो रही है।

ऐसे में प्रमाणपत्र पाने को लेकर भर्ती की तैयारी कर रहे युवा परेशान हैं। गौरीगंज तहसील के कंप्यूटर कक्ष में कर्मी प्रमाणपत्रों के कार्य को लेकर जुटे हुए हैं। आवेदन को फाॅरवर्ड करने में उन्हें काफी परेशानी हो रही है। सर्वर धीरे होने के साथ ही उसमें तकनीकी गड़बड़ी भी आ रही है । कंप्यूटर कक्ष में तीन लोगों की ड्यूटी लगी है। लेखपाल पोर्टल पर रिपोर्ट लगा कर उसे फॉरवर्ड किया जा रहा है। लेखपालों ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण परेशानी हो रही है।

आलम यह है कि सात दिनों 3,740 निवास, 2,613 जाति व 2,038 आवेदन आय प्रमाणपत्र के लिए हुए हैं। रविवार तक आवेदित 90 प्रतिशत से अधिक आवेदनों पर रिपोर्ट लग चुकी है। प्रतिदिन करीब एक हजार से अधिक आवेदन हो रहे हैं।

यह है आवेदनों की स्थिति

तहसील – निवास प्रमाण पत्र – जाति प्रमाण पत्र – आय प्रमाण

अमेठी – 1218 – 735 – 592

गौरीगंज – 781 – 554 – 406

तिलोई – 560 – 435 – 324

मुसाफिरखाना – 1181 – 889 – 716

साइट धीमे होने की आशंका

अन्नीबैजल गांव निवासी दुर्गेश सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन जनवरी को निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। अब तक आवेदन लेखपाल को फारवर्ड नहीं हुआ। ऐसे में कब लेखपाल की रिपोर्ट लगेगी और कब प्रमाणपत्र मिलेगा। बताया कि 16 जनवरी लास्ट डेट है। भर्ती के लिए आवेदन करने वाली साइट भी धीमे होने की आशंका है।

प्रमाणपत्र मिले तो करें आवेदन

अन्नी बैजल गांव निवासी शिवानी सिंह ने बताया कि वो पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही हैं। दो जनवरी को आय व निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। जो अब तक लेखपाल की रिपोर्ट लगने के लिए वहां नहीं पहुंचे। ऐसे में प्रमाणपत्र बनने में देरी हो रही है। अंतिम तिथि निकट होने से चिंता हो रही है।

नहीं बन पाया निवास प्रमाणपत्र

गुदुनपुर गांव निवासी अंजेश सिंह ने बताया कि निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया है। आवेदन फारवर्ड नहीं हुआ है। चिंता हो रही है कि प्रमाणपत्र कब मिलेगा। अगर देर से मिला तो समस्या हो जाएगी।

तकनीकी गड़बड़ी से लग रहा समय

ई-डिस्ट्रिक मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि साइट में गड़बड़ी आने के कारण अग्रसारण व रिपोर्ट लगाने में समय लग रहा है। जिले में सात दिन से अधिक के कोई आवेदन लंबित नहीं है। आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों का आवेदन होते ही निस्तारित करने की प्रक्रिया हो रही है। युवा एक-दो दिन में ही प्रमाणपत्र पाने की कोशिश में है, लेकिन साइट स्लो होने से निस्तारण में चार से पांच दिन लग रहा है। रात-दिन काम कर आवेदनों की जांच कर जारी किए जा रहे हैं। किसी को कोई समस्या नहीं होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *