आटा। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार की दोपहर आटा तिराहे पर कालपी की ओर से आ रही बाइक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के कुदरा गांव निवासी दुर्गाप्रसाद (42), अंजलि (35) व चार वर्षीय मासूम कृष्णा कालपी से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाइवे स्थित आटा तिराहे पर पहुंची कि कालपी तरफ से आ रही कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवे की एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार और बाइक दोनों को कब्जे में ले लिया है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही आए दिन ऐसे हादसों का कारण बन रही है। घटना होने के आधा घंटे तक हाईवे की एंबुलेंस मौके पर नही पहुंची, आधा घंटे तक घायल तड़पते रहे, इसके बाद हाइवे के अधिकारियों को घटना के बारे में जानकारी दी गई, तब जाकर एंबुलेंस पहुंची।
