Car rams into a canter on Lucknow Expressway son of a software engineer dies

लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कैंटर में घुसी कार
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


दिवाली की छुट्टी मनाकर वाराणसी से गाजियाबाद जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार रविवार सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ओवरटेक करते समय कैंटर में जा घुसी। हादसे में पिता के साथ आगे की सीट पर बैठे 5 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं दंपती घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटे की माैत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मामूरगंज, वाराणसी निवासी संदीप मिश्रा (37) नोएडा में एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह गाजियाबाद में किराये पर रहते हैं। दिवाली पर छुट्टी लेकर अपने पैतृक घर गए थे। रविवार सुबह संदीप पत्नी प्रिया और बेटे अर्नित के साथ कार से वाराणसी से गाजियाबाद जा रहे थे। बेटा अर्नित कार में पिता संदीप के बगल वाली सीट पर बैठा हुआ था। प्रिया पीछे की सीट पर थीं।

सुबह तकरीबन 8:30 बजे जैसे ही कार डौकी क्षेत्र पर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 6 पर पहुंची, आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दाैरान आगे चल रहे कैंटर में जा घुसी। पुलिस के मुताबिक, हादसा कैंटर की गति अचानक धीमी करने की वजह से हुआ।

संदीप ने बचाने का प्रयास किया था। मगर, कैंटर का पिछला हिस्सा उनके बेटे की तरफ टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका बेटा उछलकर कार की छत से टकरा गया। उसके सिर में चोट लगी। हादसे में संदीप मिश्रा और प्रिया भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी पर यूपीडा व थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को इलाज के लिए शहीद नगर स्थित अस्पताल लेकर आए। मगर, चिकित्सक ने अर्नित को मृत घोषित कर दिया। संदीप व प्रिया का इलाज चल रहा है। जानकारी पर वाराणसी से परिजन भी पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि कैंटर को पकड़ लिया गया है। दोनों घायलों को परिजन अपने साथ ले गए हैं। बताया गया है कि पांच साल के अर्नित के सीट बेल्ट नहीं लगी थी। वह पिता के पास जिद करके आया था। मां पीछे बैठी थीं। तभी हादसा हो गया। लोगों ने घायलों को निकाला। मगर, अर्नित की जान नहीं बच सकी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *